रायपुर। रायपुर नगर निगम ने अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत विकास के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। निगम की टीम ने जोन क्रमांक-9 अंतर्गत पंडित मोतीलाल नेहरू वार्ड के भवानी नगर, लभांडी क्षेत्र में करीब 1.5 एकड़ भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को निष्प्रभावी बना दिया।
नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में जोन-9 के नगर निवेश विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से निर्मित बाउंड्रीवॉल को जेसीबी मशीन से ध्वस्त किया। इसके साथ ही प्लॉटिंग के लिए बनाए गए अवैध मार्गों का विच्छेदन कर पूरी प्लॉटिंग को निष्प्रभावी कर दिया गया।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर में अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन कर किए जाने वाले किसी भी निर्माण या प्लॉटिंग पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निगम ने नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी भूखंड या प्लॉट की खरीद से पहले उसकी वैधानिक स्थिति और आवश्यक अनुमतियों की जांच अवश्य करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।







