Breaking

Raipur News: एकलव्य विद्यालयों में गणवेश और मेस व्यवस्था में होगी एकरूपता, शैक्षणिक गुणवत्ता पर जोर

Chhattisgarh 20 August 2026

post

रायपुर, 20 अगस्त 2026। आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम की अध्यक्षता में नवा रायपुर स्थित टीआरटीआई के सभाकक्ष में आदिम जाति कल्याण आवासीय एवं आश्रम शैक्षणिक संस्थान समिति के संचालक मंडल की बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के संचालन, विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

Advertisement

एकलव्य विद्यालयों की व्यवस्थाओं में एकरूपता पर जोर

मंत्री रामविचार नेताम ने एकलव्य विद्यालयों में गणवेश, मेस संचालन, भोजन व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं में एकरूपता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। विद्यालयों में व्यवस्थाओं के बेहतर संचालन और विद्यार्थियों की आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखने पर भी जोर दिया गया।

पूर्व अतिथि शिक्षकों को अवसर देने पर सहमति

बैठक में नेस्ट्स और राज्य सरकार के भर्ती नियमों के अनुरूप योग्यता रखने वाले एकलव्य विद्यालयों के पूर्व अतिथि शिक्षकों को पुनः अवसर प्रदान करने के विषय पर भी चर्चा हुई। इस संबंध में पात्रता और निर्धारित नियमों के अनुरूप आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।

छत्तीसगढ़ में संचालित हैं 75 एकलव्य विद्यालय

बैठक में जानकारी दी गई कि छत्तीसगढ़ में वर्तमान में 75 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय संचालित हैं। इन विद्यालयों में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेल और अन्य गतिविधियों के लिए भी अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में प्रदेश का शानदार प्रदर्शन

बैठक में एकलव्य विद्यालयों की चतुर्थ राष्ट्रीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों की उपलब्धियों की जानकारी दी गई। नवंबर 2025 में ओडिशा के सुंदरगढ़ में आयोजित प्रतियोगिता में प्रदेश के 466 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया था। छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल करते हुए 55 स्वर्ण पदक सहित कुल 126 पदक अर्जित किए।

मंत्री रामविचार नेताम ने इस उपलब्धि पर विद्यार्थियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों की सराहना की तथा भविष्य में भी विद्यार्थियों को बेहतर खेल सुविधाएं और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

इस अवसर पर विभाग के सचिव भुवनेश यादव, आयुक्त डी. राहुल वेंकट, टीआरटीआई की संचालक हिना अनिमेष नेताम, संचालक मंडल के सदस्य और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

You might also like!