रायपुर, 4 अगस्त 2026। प्रधानमंत्री स्वनिधि (PM SVANidhi) योजना के तहत रायपुर नगर निगम क्षेत्र के पथ विक्रेताओं को लगातार आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना के तहत अब तक 32,656 पथ विक्रेताओं को लाभ मिल चुका है और तीनों ट्रेंच में कुल 51.79 करोड़ रुपये की ऋण राशि वितरित की जा चुकी है।
लंबित ऋण आवेदनों और स्वीकृत होने के बावजूद वितरण नहीं हो पाने वाले मामलों के जल्द निराकरण को लेकर रायपुर नगर निगम में बैंकर्स के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने की।
बैंकवार लंबित मामलों की हुई समीक्षा
बैठक में नवीन ऋण आवेदनों के साथ-साथ PM स्वनिधि योजना के पहले, दूसरे और तीसरे ट्रेंच से संबंधित स्वीकृत एवं लंबित प्रकरणों की बैंकवार समीक्षा की गई।
आयुक्त संबित मिश्रा ने बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि पात्र पथ विक्रेताओं के लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर समयबद्ध तरीके से ऋण स्वीकृति और वितरण सुनिश्चित किया जाए।
तीनों ट्रेंच में 32 हजार से ज्यादा विक्रेताओं को मिला लाभ
रायपुर नगर निगम के अनुसार PM स्वनिधि योजना के अंतर्गत अब तक तीनों ट्रेंच में कुल 32,656 पथ विक्रेताओं को लाभान्वित किया जा चुका है। इन हितग्राहियों को कुल ₹51.79 करोड़ की ऋण राशि वितरित की गई है।
बैठक में बैंक और नगर निगम के बीच समन्वय को मजबूत करने तथा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने पर भी जोर दिया गया।
पात्र पथ विक्रेता यहां कर सकते हैं आवेदन
PM स्वनिधि योजना के तहत नए ऋण के लिए आवेदन करने के इच्छुक पात्र पथ विक्रेता रायपुर नगर पालिक निगम के तृतीय तल, कक्ष क्रमांक 411 स्थित PM स्वनिधि कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
इसके अलावा पात्र हितग्राही अपने नजदीकी चॉइस सेंटर के माध्यम से भी आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
नगर निगम ने संबंधित बैंकों से योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग की अपील की है, ताकि अधिक से अधिक पात्र पथ विक्रेताओं को समय पर ऋण उपलब्ध कराया जा सके और वे अपने कारोबार को आगे बढ़ाकर आत्मनिर्भर बन सकें।







