रायपुर। कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देश पर रायपुर नगर निगम के अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू ने शुक्रवार को जिले के सभी नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर विकास कार्यों और जनसुविधाओं की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में उन्होंने मानसून के दौरान जलभराव की समस्या के समाधान, शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने और विभिन्न योजनाओं के कार्य समयसीमा में पूरे करने के निर्देश दिए।
नगर निगम मुख्यालय महात्मा गांधी सदन में आयोजित बैठक में अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय और नगर निगम सचिव संगीता साहू भी मौजूद रहीं।
बैठक में लोकेश्वर साहू ने अधिकारियों से कहा कि बारिश के मौसम में शहरों और कस्बों में जलभराव की समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही नागरिकों को स्वच्छ और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करें और उन्हें निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा कराएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
अपर आयुक्त ने मानसून के दौरान डेंगू, मलेरिया और अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए नगरीय निकाय क्षेत्रों में लगातार स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई, जल निकासी और जनभागीदारी के माध्यम से नागरिकों को सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जाए।







