Breaking

शिक्षा से विकसित छत्तीसगढ़ तक: CM साय ने NEET क्वालीफाई विद्यार्थियों से साझा किया भविष्य का रोडमैप

Chhattisgarh RRT News Desk 02 August 2026

post

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में प्रयास आवासीय विद्यालयों के NEET-2026 में सफल विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि गरीब और आदिवासी समुदाय के बच्चों की यह सफलता पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है।

Advertisement

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि वे भविष्य में केवल कुशल डॉक्टर ही नहीं, बल्कि संवेदनशील, व्यवहारिक और मिलनसार चिकित्सक बनें। उन्होंने समाज और राष्ट्र की सेवा को सर्वोच्च दायित्व मानकर कार्य करने का संदेश दिया।

17 प्रयास विद्यालयों में मिल रही बेहतर शिक्षा

CM साय ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 17 प्रयास आवासीय विद्यालय संचालित हैं। इनका उद्देश्य दूरस्थ, आदिवासी और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बेहतर अवसर देना है।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रदेश में नालंदा परिसर संचालित किए जा रहे हैं और 34 नए नालंदा परिसर निर्माणाधीन हैं। इनमें विद्यार्थियों को 24 घंटे ऑनलाइन और ऑफलाइन अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।

15 मेडिकल कॉलेज, पांच नए कॉलेजों की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य निर्माण के समय छत्तीसगढ़ में केवल एक मेडिकल कॉलेज था, जबकि वर्तमान में शासकीय और निजी संस्थानों को मिलाकर 15 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं। सरकार पांच नए मेडिकल कॉलेज भी स्थापित कर रही है, जिससे MBBS की 250 अतिरिक्त सीटें उपलब्ध होंगी।

नशामुक्त युवा ही बनाएंगे स्वस्थ छत्तीसगढ़

संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने नशामुक्ति पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, संस्कारित और परिश्रमी जीवन अपनाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ समाज में भी जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

शिक्षा के साथ रोजगार और सुशासन पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के संसाधनों को लगातार बढ़ा रही है। नई शिक्षा नीति के तहत रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लास, स्कूलों का नवीनीकरण और शिक्षकों के प्रशिक्षण पर भी काम किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि CM हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से नागरिक अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे शासन तक पहुंचा सकते हैं। करीब 8 हजार अधिकारियों को शिकायतों के निराकरण से जोड़ा गया है।

नक्सलवाद समाप्त होने के बाद पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान

मुख्यमंत्री ने कहा कि 31 मार्च 2026 को छत्तीसगढ़ नक्सलमुक्त हुआ और अब बस्तर तथा सरगुजा में पर्यटन की संभावनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। चित्रकोट, तीरथगढ़, रानीदाह और अबूझमाड़ जैसे क्षेत्रों को पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाएं हैं।

उन्होंने कहा कि पर्यटन के विस्तार से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। होमस्टे योजना के माध्यम से जनजातीय परिवारों को भी पर्यटन से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

खेलों में युवाओं को आगे बढ़ाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने खेलों के क्षेत्र में भी सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जशपुर में 67 करोड़ रुपये की लागत से स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और 60 करोड़ रुपये की लागत से आर्चरी अकादमी का निर्माण किया जा रहा है।

उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए खेल अलंकरण और आर्थिक सहायता जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया।

रियल टाइम मॉनिटरिंग से मजबूत होगा सुशासन

CM साय ने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री डैशबोर्ड विकसित कर रही है। इसके जरिए स्कूल, अस्पताल, शिक्षकों की उपस्थिति, राशन उपलब्धता सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा सकेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक, पारदर्शिता और सुशासन के माध्यम से प्रत्येक नागरिक तक बेहतर सेवाएं पहुंचाना राज्य सरकार का लक्ष्य है।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने सपनों को पूरा करने के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को भी प्राथमिकता दें। उन्होंने विश्वास जताया कि आज के ये विद्यार्थी भविष्य में छत्तीसगढ़ को विकसित और अग्रणी राज्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

You might also like!