रायपुर। छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर सिरपुर को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारती दासन की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में सिरपुर एकीकृत विकास परियोजना की समीक्षा की गई। बैठक में यूनेस्को विश्व विरासत सूची में शामिल कराने, पर्यटन अधोसंरचना विस्तार और नए आकर्षण विकसित करने को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।
बैठक में पर्यटकों की सुविधा के लिए प्रशिक्षित स्थानीय गाइडों की व्यवस्था, विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण, पार्किंग, कैफेटेरिया, पेयजल, शौचालय और स्मृति चिन्ह केंद्र विकसित करने पर सहमति बनी। साथ ही कोडार डैम और रायकेश तालाब में बांस राफ्टिंग, नौकायन और अन्य पर्यटन गतिविधियां शुरू करने का फैसला लिया गया, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे।
सिरपुर की ऐतिहासिक विरासत को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए सुरंग टीला में अत्याधुनिक लाइट एंड साउंड शो विकसित किया जाएगा। वहीं आगामी सिरपुर महोत्सव को और भव्य बनाने, दक्षिण एशियाई देशों के पर्यटकों को आकर्षित करने तथा राज्य स्तरीय संग्रहालय को सार्वजनिक-निजी सहभागिता मॉडल पर विकसित करने की दिशा में भी पहल की जाएगी। सरकार का लक्ष्य सिरपुर को राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर एक विशिष्ट पहचान दिलाना है।







