Breaking

Spiritual News : महानदी के तट पर शुरू हुआ आस्था का नया पर्व, 20 करोड़ रुपये की लागत से संवरेगा प्राचीन रुद्रेश्वर धाम

Chhattisgarh RRT News Desk 04 August 2026

post

रायपुर/धमतरी, 4 अगस्त। सावन के पावन माह में धमतरी स्थित चित्रोत्पला महानदी का रुद्री घाट अलौकिक आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा। धमतरी युवा ब्रिगेड और श्री रुद्रेश्वर महादेव परिवार की अनूठी पहल से बनारस (काशी) की तर्ज पर पहली बार भव्य ‘महानदी गंगा आरती’ का शुभारंभ हुआ। शंखध्वनि, गूंजते वैदिक मंत्रों और 108 दीपों की स्वर्णिम छटा के बीच हुए इस आयोजन ने रुद्री घाट को भक्ति के संगम में बदल दिया। जनआस्था का यह पावन महाकुंभ अब सावन के प्रत्येक सोमवार को महानदी के तट पर आयोजित किया जाएगा।

Advertisement

इस सांस्कृतिक-धार्मिक आयोजन के बीच धमतरीवासियों को प्रदेश सरकार की ओर से एक बड़ा सौगात भी मिला है। राज्य के संस्कृति एवं पर्यटन विभाग ने प्राचीन रुद्रेश्वर महादेव मंदिर परिसर का कायाकल्प करने के लिए 20 करोड़ रुपये के मास्टर प्लान को मंजूरी दी है। इस योजना का उद्देश्य रुद्रेश्वर धाम को प्राचीन स्थापत्य कला और आधुनिक सुविधाओं के संगम के रूप में विकसित करना है, जिससे छत्तीसगढ़ की इस धार्मिक धरोहर को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिल सके।

20 करोड़ रुपये की इस महापरियोजना को तीन चरणों में पूरा किया जाएगा, जिसके अंतर्गत भव्य प्रवेश द्वार, तोरण, दीप स्तंभ, नंदी प्रतिमा, रिवर फ्रंट कॉटेज और मैरीन ड्राइव की तर्ज पर सुंदर तट विकसित होगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए फूड कोर्ट, एआई (AI) आधारित हेल्थ कियोस्क, सौर ऊर्जा पार्किंग और ईवी चार्जिंग स्टेशन जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं भी जुटाई जाएंगी। विधायक ओंकार साहू, महापौर जगदीश रामू रोहरा, कलेक्टर और पूर्व विधायक रंजना साहू की मौजूदगी में शुरू हुआ यह प्रोजेक्ट क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन और स्थानीय रोजगार को पंख लगाएगा।

You might also like!