Breaking

पद्मश्री जागेश्वर यादव का जीवन सेवा, समर्पण और मानवता का उच्चतम आदर्श" — मंत्री टंक राम वर्मा

Chhattisgarh RRT News Desk 04 June 2026

post

RRT News- छत्तीसगढ़ के राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा से लेखक डॉ. लोकेश पटेल ने सौजन्य भेंट की। इस विशेष अवसर पर डॉ. पटेल ने मंत्री वर्मा को पद्मश्री जागेश्वर यादव के प्रेरणादायी जीवन और कड़े संघर्षों पर आधारित अपनी नवनिर्मित पुस्तक ‘बिरहोर जननायक’ की पहली प्रति सप्रेम भेंट की। इस गौरवमयी मुलाकात के दौरान स्वयं पद्मश्री जागेश्वर यादव भी वहां उपस्थित रहे और उन्होंने मंत्री वर्मा के साथ अपने लंबे सामाजिक जीवन के गहरे और जमीनी अनुभवों को साझा किया।

Advertisement

​जशपुर जिले में ‘बिरहोर के भाई’ के नाम से विख्यात जागेश्वर यादव वर्ष 1980 से ही विशेष पिछड़ी जनजाति बिरहोर समुदाय की शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, सामाजिक जागरूकता एवं मानवाधिकारों के संरक्षण के लिए निरंतर धरातल पर कार्य कर रहे हैं। पुस्तक का अवलोकन करते हुए मंत्री टंकराम वर्मा ने इस प्रयास की सराहना की और कहा कि उनका व्यक्तित्व सेवा, करुणा, समर्पण और मानवता के उच्चतम आदर्शों का प्रतीक है। उनके अथक प्रयासों से ही आज बिरहोर समाज में शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी है।

​लेखक डॉ. लोकेश पटेल की यह कृति केवल एक जीवनी नहीं है, बल्कि सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का एक प्रेरक दस्तावेज है। मंत्री वर्मा ने इस महत्वपूर्ण, शोधपरक एवं प्रेरणादायी कृति के सृजन के लिए लेखक डॉ. लोकेश पटेल को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पुस्तक समाज के विभिन्न वर्गों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के लिए मार्गदर्शन का एक बड़ा स्रोत सिद्ध होगी और युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करेगी।

You might also like!