Breaking

Teacher Award News: शिक्षक दिवस पर 21 उत्कृष्ट शिक्षक सम्मानित, रामविचार नेताम बोले- शिक्षक पीढ़ी के निर्माता

Chhattisgarh 05 September 2026

post

बलरामपुर-रामानुजगंज, 5 सितंबर 2026। शिक्षक दिवस के अवसर पर बलरामपुर-रामानुजगंज जिला मुख्यालय स्थित ऑडिटोरियम भवन में जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कृषि विकास एवं कल्याण तथा आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम ने जिले के 21 उत्कृष्ट शिक्षकों को ज्ञानदीप और शिक्षादूत पुरस्कार से सम्मानित किया।

Advertisement

शिक्षक सिर्फ पाठ्यक्रम नहीं, संस्कार भी देते हैं

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रामविचार नेताम ने कहा कि राष्ट्र के भविष्य निर्माण में शिक्षकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने तक सीमित नहीं होते, बल्कि वे विद्यार्थियों के चरित्र, सोच और व्यक्तित्व को आकार देते हैं।

उन्होंने कहा कि शिक्षक बच्चों में ज्ञान के साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन और अच्छे संस्कारों का विकास करते हैं। इसके साथ ही विद्यार्थियों में स्वतंत्र सोच, रचनात्मकता और नई चीजें सीखने की जिज्ञासा पैदा करने में भी शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

मंत्री ने बताया कि युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए जिले में प्रयास विद्यालय और नर्सिंग महाविद्यालय की स्थापना की जा रही है। इन संस्थानों के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

21 शिक्षकों को मिला ज्ञानदीप और शिक्षादूत सम्मान

समारोह में जिले के 21 उत्कृष्ट शिक्षकों को उनके बेहतर शैक्षणिक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इनमें तीन शिक्षकों को ज्ञानदीप पुरस्कार प्रदान किया गया।

ज्ञानदीप पुरस्कार से श्याम सुंदर चौरगे, शिक्षक, शासकीय माध्यमिक शाला कोरवापारा, राजपुर; नीलीमा एक्का, शिक्षिका, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला डौरा और जवाहर लाल पैकरा, प्रधान पाठक, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला चिरई, शंकरगढ़ को सम्मानित किया गया।

इसके अलावा जिले के विभिन्न विकासखंडों के 18 शिक्षकों को शिक्षादूत पुरस्कार प्रदान किया गया। इन शिक्षकों को उत्कृष्ट शैक्षणिक सेवाओं और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

शिक्षकों को बताया राष्ट्र निर्माण की धुरी

कार्यक्रम में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण धुरी बताते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों का मार्गदर्शन इस तरह करें कि वे भविष्य में समाज के लिए उदाहरण बन सकें।

समारोह में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पुष्पा नेताम, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष बबली देवी, नगर पालिका उपाध्यक्ष दिलीप सोनी, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सीईओ सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी मौजूद रहे।

You might also like!