Breaking

बस्तर तिरंगा यात्रा: नक्सल प्रभावित इलाकों में गूंजा राष्ट्रभक्ति और विकास का संदेश

Chhattisgarh 12 August 2026

post

रायपुर/नारायणपुर। बस्तर में शांति, एकता और विकास का संदेश लेकर बुधवार को ‘बस्तर तिरंगा यात्रा 2026’ की शुरुआत नारायणपुर से हुई। हायर सेकेंडरी स्कूल ग्राउंड से उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप ने बाइक पर तिरंगा लेकर यात्रा का नेतृत्व किया। विभिन्न समाज प्रमुखों ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। यात्रा के दौरान मंत्रियों ने बच्चों और युवाओं से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया और क्षेत्र में शांति व विकास का संदेश दिया।

Advertisement

नक्सल प्रभावित इलाकों से गुजरेगी यात्रा

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि तिरंगा यात्रा उन क्षेत्रों से होकर गुजरेगी, जो लंबे समय तक नक्सली हिंसा से प्रभावित रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि बस्तर अब शांति और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। नारायणपुर से शुरू हुई यात्रा मुंजमेटा, झारागांव, धौड़ाई, कन्हारगांव, कड़ेनार, बोदली, सातधार और बारसूर होते हुए दंतेवाड़ा पहुंची। यात्रा 14 अगस्त को बीजापुर जिले की कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर तिरंगा फहराकर समाप्त होगी।

विकास और मूलभूत सुविधाओं पर जोर

गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर में अब सड़क, शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और लघु वनोपज के प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। वहीं वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि जिन इलाकों को कभी नक्सल गतिविधियों का केंद्र माना जाता था, आज उन्हीं क्षेत्रों से तिरंगा यात्रा निकलना बदलाव का प्रतीक है। यात्रा के दौरान शहीद जवानों और नागरिकों से जुड़ी जगहों की मिट्टी भी एकत्रित की जाएगी, जिसका उपयोग भविष्य में बनने वाले स्मारक में किया जाएगा।

You might also like!