छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कोसमर्रा में एक सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी पार करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। धमतरी पुलिस ने इस चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले 3 शातिर आरोपियों को धर दबोचा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के पास से चोरी किए गए शत-प्रतिशत आभूषण और नकदी रकम को सकुशल बरामद कर लिया है, जिसके बाद इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है।
भखारा पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, ग्राम कोसमर्रा निवासी प्रार्थी कृष्ण कुमार कोसरे ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बीते 13 मई 2026 को वह अपने पूरे परिवार के साथ एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ग्राम अभनपुर गए हुए थे। इसी दौरान सूने मकान का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने घर का ताला चटकाया और अंदर अलमारी में रखे सोने-चांदी के पुश्तैनी जेवर और नगदी समेटकर रफूचक्कर हो गए थे। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर सघन तफ्तीश शुरू कर दी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए धमतरी पुलिस की साइबर सेल और भखारा पुलिस की संयुक्त टीम ने संदिग्धों पर नजर रखनी शुरू की। मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने कोसमर्रा में की गई इस बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पकड़े गए तीनों आरोपियों को आज न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।







