RRT News - दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक दरिंदे ने मासूम बच्ची को चॉकलेट दिलाने के बहाने अगवा किया और उसके साथ दुष्कर्म की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में तनाव फैल गया है। मासूम की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसका इलाज अस्पताल में जारी है। इस हृदयविदारक घटना ने स्थानीय लोगों के सब्र का बांध तोड़ दिया है।
वारदात के विरोध में हजारों की संख्या में ग्रामीण और स्थानीय निवासियों ने उतई थाने का घेराव कर दिया। आक्रोशित भीड़ आरोपी को तुरंत फांसी देने की मांग कर रही थी। प्रदर्शन के दौरान स्थिति तब और बिगड़ गई जब भीड़ बेकाबू हो गई और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। थाने के बाहर खड़े वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस के आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की और आश्वासन दिया कि आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है, लेकिन इलाके में माहौल अभी भी गरमाया हुआ है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सामाजिक संगठनों ने भी कड़े कदम उठाने की मांग की है।





_m.webp)


