RRT News - बिलासपुर: बिलासपुर नगर निगम ने शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। निगम की टीम ने शहर के प्रमुख क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया, जहां नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही थीं। इस कार्रवाई के दौरान पाया गया कि कई बड़े संस्थानों ने अपने निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए कर लिया था, जिससे सड़क पर जाम की स्थिति निर्मित हो रही थी।
नगर निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए मौसाजी स्वीट्स सहित तीन अन्य बड़े प्रतिष्ठानों के पार्किंग एरिया को पूरी तरह से सील कर दिया है। जांच में खुलासा हुआ कि कहीं पार्किंग की जगह पर बाइक सर्विसिंग का काम चल रहा था, तो कहीं इसे गोदाम और दुकान के रूप में तब्दील कर दिया गया था। निगम के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पार्किंग के नाम पर नक्शा पास कराकर उसका अन्य उपयोग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई से व्यापारियों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन का कहना है कि पार्किंग की जगह का दुरुपयोग शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और दुर्घटनाओं का एक मुख्य कारण है। आने वाले दिनों में यह अभियान और भी तेज होगा, जिसमें चिन्हांकित अन्य संस्थानों पर भी गाज गिर सकती है। निगम ने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी है कि वे तत्काल प्रभाव से पार्किंग स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कर उसे जनता के वाहनों के लिए उपलब्ध कराएं।








