Birgaon Nagar Nigam Election 2026 Public Mood: नगरीय निकाय चुनाव से पहले बिरगांव में तेज हुई सियासी हलचल, गंदगी, पेयजल संकट और औद्योगिक प्रदूषण बने बड़े मुद्दे

Birgaon Nagar Nigam Election 2026 Public Mood: नगरीय निकाय चुनाव से पहले बिरगांव में तेज हुई सियासी हलचल, गंदगी, पेयजल संकट और औद्योगिक प्रदूषण बने बड़े मुद्दे

Chhattisgarh 28 November 2026 (13)

post

रायपुर। दिसंबर में प्रस्तावित नगरीय निकाय चुनाव से पहले राजधानी रायपुर से लगे 40 वार्डों वाले बिरगांव नगर निगम में सियासी हलचल तेज हो गई है और भाजपा, कांग्रेस तथा आम आदमी पार्टी ने चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं। नए परिसीमन के आधार पर बदले हुए वार्ड आरक्षण, महिला वर्ग के लिए आरक्षित महापौर पद और मतदाता सूची में सामने आई त्रुटियों ने इस बार के मुकाबले को बेहद अहम बना दिया है।

Advertisement

​गंदगी, पेयजल संकट, प्रदूषण और नशे की समस्या से जूझ रही जनता

​स्थानीय निवासियों का कहना है कि बिरगांव में गंदगी और गर्मी के दिनों में पेयजल संकट सबसे बड़ी परेशानी है, वहीं सड़क चौड़ीकरण के बावजूद ट्रैफिक जाम, उद्योगों का धुआं और नशाखोरी भी गंभीर समस्याएं बनी हुई हैं। जनता ने बुधवारी बाजार की सफाई व्यवस्था सुधारने के साथ ही क्षेत्र में उच्च शिक्षा के लिए एक शासकीय महाविद्यालय और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए एक बड़ा शासकीय अस्पताल स्थापित करने की मांग उठाई है।

​नए वार्ड आरक्षण व महिला महापौर सीट से बदले सियासी समीकरण

​पिछले नगर निगम चुनाव में 40 वार्डों में से कांग्रेस के 19, भाजपा के 10, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के 5 और 6 निर्दलीय पार्षद जीतकर आए थे। इस बार नए परिसीमन के आधार पर हुए वार्ड आरक्षण के कारण कई पुराने दिग्गज नेताओं के वार्ड आरक्षित श्रेणी में चले गए हैं, जिससे उनके सामने दूसरे वार्ड से चुनाव लड़ने या परिवार के सदस्यों को मैदान में उतारने की स्थिति बन गई है, वहीं महापौर पद महिला के लिए आरक्षित होने के बाद प्रमुख दलों में मजबूत महिला चेहरों की दावेदारी पर नजर टिक गई है।

​मतदाता सूची में नाम व जेंडर त्रुटियों पर उठे सवाल

​चुनाव से पहले विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद जारी ऑनलाइन मतदाता सूची भी विवादों में आ गई है, जिसमें मतदाताओं के नाम और जेंडर संबंधी गलतियों के आरोप सामने आए हैं। मौजूदा महापौर नंदलाल देवांगन और पूर्व महापौर अम्बिका यदु के नामों व विवरणों में गड़बड़ी की खबरें आने के बाद कांग्रेस ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं, जिससे चुनाव से पूर्व त्रुटिरहित व पारदर्शी मतदाता सूची तैयार करना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।

You might also like!