CG ACCIDENT : छत्तीसगढ़ के रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रैनपुर के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में फॉरेस्ट कर्मी अमरनाथ पटेल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमरनाथ पटेल हरदी बाजार के निवासी थे और गुरसिया में पदस्थ थे। बताया जा रहा है कि दोनों शासकीय कार्य से लौट रहे थे, तभी उनकी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई।
हादसा इतना भीषण था कि अमरनाथ पटेल ने हेलमेट नहीं पहना होने के कारण सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे में घायल युवक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।








