CG CRIME : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के सदर बाजार स्थित लीला ज्वेलर्स में धोखाधड़ी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां उत्तर प्रदेश के वाराणसी से आए एक पति-पत्नी ने नकली सोने को असली बताकर ठगी करने की कोशिश की, लेकिन दुकानदार की सतर्कता से उनकी चाल नाकाम हो गई।
जानकारी के अनुसार, पूनम वर्मा नाम की महिला दुकान पर पहुंची और 18 कैरेट ‘हॉलमार्क’ निशान वाले टॉप्स और एक अंगूठी दिखाकर उन्हें बदलकर नए जेवर लेने की बात कही। गहनों का वजन संदिग्ध लगने पर दुकानदार ने मशीन से जांच कराई, जिसमें गहने पूरी तरह नकली पाए गए।
इसके बाद तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी गई और घेराबंदी कर महिला और उसके पति संजय वर्मा को पकड़ लिया गया। आरोपियों के पास से 4 ग्राम से अधिक वजन के नकली टॉप्स और करीब 3 ग्राम की नकली अंगूठी बरामद की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया और अन्य व्यापारियों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।







