CG CRIME : रायपुर। छत्तीसगढ़ में सोशल मीडिया से जुड़ा एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर हो रही आपराधिक गतिविधियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बस्तर क्षेत्र की जानी-मानी कंटेंट क्रिएटर निवेदिता मंडावी को इंस्टाग्राम पर गैंगरेप और अपहरण की धमकियां दी गईं, जिसके बाद पूरे प्रदेश में आक्रोश का माहौल बन गया है।
इंस्टाग्राम ग्रुप में आपत्तिजनक चैट्स
जानकारी के मुताबिक, इंस्टाग्राम पर “नशा मुक्ति” के नाम से एक ग्रुप संचालित किया जा रहा था। लेकिन इस ग्रुप के अंदर की गतिविधियां चौंकाने वाली थीं। करीब दो महीने पहले इस ग्रुप की कुछ चैट्स सामने आईं, जिनमें कुछ युवक निवेदिता की तस्वीरें शेयर कर अभद्र टिप्पणियां कर रहे थे। इतना ही नहीं, चैट्स में उनके अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म जैसी साजिशों की भी बातें सामने आईं।
वीडियो जारी कर सामने लाई सच्चाई
मामले की जानकारी मिलने के बाद निवेदिता ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और इस पूरे घटनाक्रम को लेकर एक वीडियो भी साझा किया, जिससे मामला सार्वजनिक हो गया।
5 आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। केशकाल थाने में एफआईआर दर्ज की गई और जांच के दौरान 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। थाना प्रभारी विकास बघेल के अनुसार, पहले रायपुर में जीरो FIR दर्ज की गई थी, जिसके बाद केस को केशकाल ट्रांसफर किया गया। सभी आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
बताया जा रहा है कि आरोपी केशकाल, भानुप्रतापपुर और कोंडागांव क्षेत्रों के रहने वाले हैं।
सोशल मीडिया पर उबाल
घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा साफ नजर आ रहा है। बड़ी संख्या में यूजर्स निवेदिता मंडावी के समर्थन में पोस्ट और वीडियो शेयर कर रहे हैं। लोग आरोपियों के खिलाफ कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और उम्मीद की जा रही है कि सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।








