CG CRIME : रतनपुर। नेशनल हाईवे-130 स्थित हाईवे किंग ढाबा के पास हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में मामला लूट का प्रतीत हो रहा था, लेकिन विवेचना के दौरान यह आपसी लेन-देन और ठगी के बदले से जुड़ा निकला। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई कार, मोबाइल फोन, नकदी तथा वारदात में प्रयुक्त वाहन भी जब्त कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार, कोरबा निवासी विजय कुमार राज अपनी महिला रिश्तेदारों के साथ मेला देखकर लौट रहे थे। इसी दौरान रतनपुर क्षेत्र में हाईवे किंग ढाबा के पास उनकी कार रुकते ही दो वाहनों में सवार चार युवकों ने हमला कर दिया और उनकी स्विफ्ट डिजायर कार, मोबाइल फोन एवं नकदी लूटकर फरार हो गए।
घटना की जांच के दौरान पुलिस टीम ने सरगुजा और कोरिया जिले में घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। आरोपियों ने बताया कि विजय कुमार ने तंत्र-विद्या के माध्यम से पैसा दोगुना करने का झांसा देकर उनसे करीब ढाई लाख रुपये ठग लिए थे। जब रकम वापस नहीं की गई, तो उन्होंने पीड़ित का पीछा कर मदनपुर के पास गाड़ी रुकवाकर मारपीट की और उसका सामान छीन लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में विद्यादास महंत (निवासी सीतापुर), रामसुन्दर, राजीव कुमार सिंह और गुलशन कुजुर (तीनों निवासी कोरिया जिला) शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार के अलावा घटना में प्रयुक्त क्रेटा और अर्टिगा वाहन भी जब्त किए हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि झाड़-फूंक, तंत्र-विद्या अथवा अन्य माध्यमों से लोगों को ठगने वालों के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी चारों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने लूट का शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया है।



_m.webp)




