Breaking

CG Crime : इंस्टाग्राम चैट बना मौत की वजह, पति ने पत्नी की हत्या कर रची आत्महत्या की साजिश

Chhattisgarh RRT News Desk 09 January 2026

post

CG Crime : एमसीबी जिले के खड़गवां थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला हत्या का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर बातचीत को लेकर हुए विवाद ने एक महिला की जान ले ली। पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े के बाद पति ने गुस्से में आकर पत्नी की हत्या कर दी और फिर उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।

Advertisement


घटना खड़गवां क्षेत्र के ग्राम पंचायत लकड़ापारा की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पति और पत्नी के बीच इंस्टाग्राम पर किसी से बातचीत को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पति ने पत्नी को जोर से धक्का दे दिया। जमीन पर गिरने से महिला के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।


हत्या के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए साजिश रची। उसने मृतक महिला के शव को गमछे के सहारे फांसी पर लटकाकर आत्महत्या का नाटक किया, ताकि मामला खुदकुशी का लगे। 


सूचना मिलते ही खड़गवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत सिर में गंभीर चोट लगने से होना पाया गया, जिससे हत्या की पुष्टि हुई। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी पति ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।


पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। 

You might also like!