खैरागढ़। CG Crime : जिले के केसीजी पुलिस ने ऑनलाइन जुआ और सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय ऑनलाइन बैटिंग रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस टीम ने गुरुग्राम (हरियाणा) में दबिश देकर ‘शिवा बुक’ ऑनलाइन सट्टा एप से जुड़े नेटवर्क की अहम कड़ी को तोड़ा। आरोपी एप का नाम बदलकर ‘100 पैनल’ और ‘फेयर प्ले’ के नाम से ऑनलाइन जुआ संचालित कर रहे थे।
पुलिस ने मल्टी-स्टोरी बिल्डिंग से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी संगठित रूप से देश के विभिन्न राज्यों में ऑनलाइन बैटिंग नेटवर्क चला रहे थे। आरोपियों के कब्जे से 22 हजार रुपये नकद, बैंक खातों में 91,175 रुपये, 19 मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप, 3 एटीएम कार्ड, 1 वाई-फाई राउटर और 14 सिम कार्ड जब्त किए गए, जिनकी कुल कीमत करीब 4.98 लाख रुपये है।
जांच में लगभग 8 से 10 करोड़ रुपये के बैंक लेनदेन का रिकॉर्ड सामने आया है। ऑनलाइन जुआ में प्रयुक्त 7 बैंक खाते सीज किए गए हैं। प्रकरण में अब तक कुल 13 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।








