CG Crime : रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम मिलूपारा में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। चौकीदार लखन उर्फ धरभईया चौधरी की हत्या के मामले में उसका साथी ही हत्यारा निकला, जो लगातार पुलिस को गुमराह करता रहा।
घटना 9 मार्च की रात की है, जब चौकीदार लखन उर्फ धरभईया चौधरी का शव अगले दिन खेत की मेड़ पर मिला था। शरीर पर गंभीर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
प्रारंभिक पूछताछ में मृतक के साथी अजहर अली ने 4-5 अज्ञात लोगों द्वारा हत्या किए जाने की कहानी बताई, लेकिन जांच के दौरान उसके बयान बार-बार बदलते रहे, जिससे पुलिस को उस पर संदेह हुआ। पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से जांच आगे बढ़ाई, जिसमें पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के मुंह में मिले प्लास्टिक के टुकड़े ने अहम सुराग दिया। इसी आधार पर पुलिस ने आरोपी से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें वह टूट गया और हत्या करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी अजहर अली ने बताया कि खाना बनाने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने मारपीट कर लखन को जमीन पर गिराया और टार्च से हमला कर गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने साक्ष्य छिपाने के लिए खून लगे टार्च को धो दिया और कपड़ों को जला दिया, साथ ही घटना को छुपाने के लिए झूठी कहानी गढ़ी।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर टार्च बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस पूरे मामले के खुलासे में तमनार पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।








