CG CRIME : बिलासपुर। हिरीं थाना पुलिस को ऑपरेशन मुस्कान के तहत बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद किया है और उसे बहला-फुसलाकर ले जाने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार आरोपी लखन कुमार निषाद, निवासी ग्राम अटर्रा, नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया था। बालिका के परिजनों ने इसकी शिकायत हिरीं थाना में दर्ज कराई थी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बालिका की तलाश शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर लगातार पतासाजी की गई। इसी दौरान पुलिस टीम ने नाबालिग बालिका को महुआ कारखाना पोखरभीड़ा, जिला कुशीनगर (उत्तर प्रदेश) से बरामद किया, जहां वह आरोपी के साथ रह रही थी।
बालिका को सुरक्षित बरामद करने के बाद पुलिस ने मौके से ही आरोपी लखन कुमार निषाद को हिरासत में लेकर विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।








