Breaking

CG Crime : कार्ड फंसा तो 'मददगार' बनकर आए ठग, बुजुर्ग महिला के खाते से उड़ाए 30 हजार रुपये ​

Chhattisgarh 27 April 2026 (36)

post

CG Crime : बिलासपुर के सिविल लाइन्स थाना क्षेत्र में ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मुंगेली नाका स्थित एसबीआई एटीएम में मदद करने के बहाने दो शातिर युवकों ने एक 61 वर्षीय बुजुर्ग महिला को अपना निशाना बनाया। महिला का एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया था, जिसका फायदा उठाकर ठगों ने बड़ी ही चालाकी से उनके खाते से 30 हजार रुपये पार कर दिए। इस घटना ने एक बार फिर एटीएम के पास मंडराने वाले संदिग्धों और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आइए देखते हैं इस ठगी की पूरी कहानी और पुलिस की कार्रवाई।

Advertisement


 घटना 23 अप्रैल की शाम करीब 4:30 बजे की है, जब नेहरू नगर की रहने वाली 61 वर्षीय उषा राठौर मुंगेली नाका स्थित एसबीआई के एटीएम से कैश निकालने पहुंची थीं। ट्रांजेक्शन के दौरान अचानक उनका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया। महिला को परेशान देख वहां पहले से मौजूद दो अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे और मदद करने की पेशकश की। युवकों ने महिला को भरोसा दिलाया कि वे कस्टमर केयर को कॉल कर रहे हैं और कार्ड वापस मिल जाएगा। इसी झांसे के बीच आरोपियों ने चालाकी से महिला का पिन नंबर जान लिया और कार्ड बदलकर या तकनीकी हेरफेर कर वहां से चंपत हो गए। महिला जब तक कुछ समझ पाती, तब तक उनके मोबाइल पर मैसेज आने शुरू हो गए।


शातिर ठगों ने मुंगेली नाका से निकलकर सीधे सरकंडा स्थित एटीएम का रुख किया। वहां उन्होंने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए तीन बार में 10-10 हजार रुपये, यानी कुल 30 हजार रुपये महिला के खाते से निकाल लिए। जब पीड़िता को ठगी का अहसास हुआ, तो उन्होंने तुरंत बैंक से संपर्क कर कार्ड ब्लॉक कराया और क्राइम ब्रांच को सूचना दी। 


मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन्स पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब एटीएम के आसपास और सरकंडा क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि इन शातिर 'उठाईगिरों' की पहचान की जा सके।

You might also like!