Breaking

छत्तीसगढ़ कोल घोटाला: कोरबा में मॉर्निंग वॉक पर निकले कांग्रेस नेता युगल शर्मा को EOW ने लिया हिरासत में

Chhattisgarh 23 May 2026 (25)

post

RRT News- रायपुर: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित 570 करोड़ रुपये के कोयला घोटाले (Coal Scam) में आर्थिक अपराध शाखा और एंटी करप्शन ब्यूरो (EOW-ACB) की टीम ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इस मामले में एक बड़ा एक्शन लेते हुए जांच एजेंसी ने शुक्रवार को कोरबा के रसूखदार कांग्रेस नेता युगल शर्मा (45 वर्ष) को हिरासत में ले लिया है। ईओडब्ल्यू की टीम युगल शर्मा को हिरासत में लेने के बाद फौरन पूछताछ के लिए रायपुर स्थित अपने मुख्य कार्यालय लेकर आई है। हालांकि, इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई को लेकर अभी तक जांच एजेंसी की ओर से कोई आधिकारिक बयान या विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।

Advertisement

मिली जानकारी के अनुसार, कोयला घोटाले की कड़ियों को जोड़ने के लिए जांच एजेंसी द्वारा कांग्रेस नेता युगल शर्मा को पहले ही पूछताछ के लिए समन जारी किया गया था। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे जब युगल शर्मा कोरबा के टीपी नगर क्षेत्र में रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक कर लौट रहे थे, तभी वहां पहले से मुस्तैद रामपुर पुलिस की टीम ने एक होटल के सामने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया और अपनी हिरासत में ले लिया। अचानक हुई इस अप्रत्याशित कार्रवाई से इलाके के राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।

छत्तीसगढ़ में कोयला लेवी घोटाले को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ED) के बाद अब राज्य की EOW और ACB की टीमें भी लगातार शिकंजा कस रही हैं। जांच एजेंसियों का मानना है कि इस घोटाले के तार कई बड़े अधिकारियों, कारोबारियों और राजनीतिक चेहरों से जुड़े हुए हैं। युगल शर्मा से रायपुर मुख्यालय में होने वाली इस पूछताछ से कोल स्कैम के कुछ और नए और चौंकाने वाले खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे आने वाले दिनों में कुछ और रसूखदारों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

You might also like!