CG News- छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली और दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। जिले के लटोरी चौकी क्षेत्र के एक गांव में पति-पत्नी के बीच शराब के नशे में हुए आपसी विवाद की कीमत उनके तीन महीने के मासूम दुधमुंहे बच्चे को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। शराब के नशे में धुत माता-पिता आपस में इस कदर लड़ पड़े कि उन्हें अपने पास सोए मासूम की मौजूदगी का भी अहसास नहीं रहा।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना की रात पति और पत्नी दोनों अत्यधिक शराब के नशे में थे। किसी घरेलू बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई और मारपीट में बदल गई। इसी झूमाझटकी और आपसी खींचतान के दौरान दोनों का शारीरिक संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया। अनियंत्रित होकर वे दोनों सीधे बिस्तर पर अपने पास ही लेटे तीन माह के नवजात शिशु के ऊपर जा गिरे। भारी-भरकम शरीर के नीचे अचानक दब जाने के कारण मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका दम घुटने लगा।
हादसे के बाद जब माता-पिता का नशा थोड़ा हिरन हुआ, तो वे और परिवार के अन्य सदस्य आनन-फानन में बच्चे को बचाने का प्रयास करने लगे। मासूम को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन चोट इतनी गंभीर थी कि उसने इलाज मिलने से पहले ही दम तोड़ दिया। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे के बाद से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और शोक का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही लटोरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस इस मामले में गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।






