RRT News- छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम ने वन्यजीवों के अवैध शिकार और उनके मांस की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। बिलासपुर वन क्षेत्र में मुखबिर की सटीक सूचना पर वन विभाग की टीम ने अचानक छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान टीम ने भारी मात्रा में जंगली सूअर का अवैध मांस जब्त किया है, जिसकी बाजार में अवैध रूप से बिक्री की तैयारी चल रही थी।
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, मौके से लगभग 14 किलोग्राम जंगली सूअर का मांस बरामद किया गया है। विभाग ने इस मामले में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। पकड़े गए आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और शिकारियों के नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
यह कार्रवाई वन विकास निगम के प्रबंध संचालक प्रेमकुमार के निर्देशों के तहत प्रदेशभर में चलाए जा रहे सघन अभियान का हिस्सा है। वनों में अवैध कटाई, अतिक्रमण, शिकार और उत्खनन पर रोक लगाने के लिए सभी परियोजना मंडलों में नियमित गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है, जिसका सीधा असर अब जमीनी स्तर पर देखने को मिल रहा है।







