बिलासपुर/मरवाही। छत्तीसगढ़ में जारी भीषण गर्मी और जल संकट के बीच वन्यजीवों का आबादी और जलाशयों की ओर रुख करना लगातार जारी है। इसी कड़ी में बिलासपुर संभाग के मरवाही वन परिक्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां चार हाथियों के एक दल ने दस्तक देकर वन विभाग और स्थानीय ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। हाथियों के इस दल ने मरवाही के ग्राम घुसरिया के जंगल में स्थित एक स्थानीय जलाशय (तालाब) के पास अपना अस्थायी डेरा जमा लिया है। क्षेत्र में हाथियों की आमद को देखते हुए वन विभाग ने सुरक्षा के लिहाज से आस-पास के सभी गांवों में 'हाई अलर्ट' जारी कर दिया है।
भीषण गर्मी से बेहाल हाथियों का यह दल जंगल के भीतर बने जलाशय में पानी पीकर अपनी प्यास बुझाते, स्नान करते और पानी में अठखेलियां करते हुए देखा गया है। गर्मी के इस मौसम में पानी और चारे की तलाश में भटकते हुए ये हाथी मरवाही रेंज में दाखिल हुए हैं। हाथियों की मौजूदगी की खबर फैलते ही ग्रामीणों में कौतूहल के साथ-साथ दहशत का भी माहौल है। ग्रामीण हाथियों को देखने के लिए जंगलों का रुख न करें, इसके लिए वन अमला लगातार गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सचेत कर रहा है।
वन विभाग की स्पेशल टीम और एलीफेंट ट्रैकर लगातार हाथियों की हर गतिविधि और मूवमेंट पर 24 घंटे नजर बनाए हुए हैं। वन अधिकारियों ने ग्रामीणों से सख्त अपील की है कि वे जंगलों की ओर जाने से बचें और हाथियों से एक सुरक्षित दूरी बनाए रखें। विशेषकर रात के समय घरों से बाहर न निकलने और हाथियों को किसी भी तरह से न उकसाने या पत्थर न मारने की हिदायत दी गई है। वन विभाग मुस्तैदी से स्थिति को नियंत्रित करने और हाथियों को रिहायशी इलाकों से दूर घने जंगलों की ओर खदेड़ने के प्रयास में जुटा हुआ है।







