Breaking

पुलिस ने ऑनलाईन डिलीवरी करने वाले विभिन्न कंपनियों के नोडल ऑफिसर की बैठक ली

Chhattisgarh 02 February 2026

post

रायपुर। पुलिस ने ऑनलाईन डिलीवरी करने वाले विभिन्न कंपनियों के नोडल ऑफिसर की  बैठक ली। बैठक सिविल लाईन स्थित सी-04 भवन के सभाकक्ष में आयोजित की गई।

Advertisement

उक्त बैठक में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर)  गौरव मण्डल,  अनुज कुमार, सहायक पुलिस आयुक्त (क्राइम एवं साइबर)  संजय सिंह एवं  नरेश पटेल उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त ऑनलाईन शॉपिंग प्लेटफॉर्म फ्लिपकार्ट, डिलिवरी, ब्लिंकिट, स्विगी, मिंतरा एवं ब्लू डॉट से संबंधित कुल 19 नोडल अधिकारी बैठक में सम्मिलित हुए।


बैठक के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अवैध सामग्रियों की ऑनलाईन बिक्री एवं आपूर्ति पर प्रभावी नियंत्रण तथा साइबर एवं आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। 


पुलिस अधिकारियों द्वारा नोडल अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि प्रतिबंधित ई-सिगरेट, गोगो पेपर, हुक्का एवं हुक्का से संबंधित किसी भी प्रकार की सामग्री, साथ ही किसी भी प्रकार के चाकू, धारदार एवं घातक हथियार व नारकोटिक पदार्थ सहित अन्य प्रतिबंधित सामग्री की रायपुर में ऑनलाईन डिलिवरी किसी भी परिस्थिति में न की जाए।


ग्राहकों को ऑनलाईन ऑर्डर की गई सामग्री की डिलिवरी केवल उनके द्वारा ऑर्डर के समय दर्ज किए गए पते (घर, दुकान अथवा संस्था) पर ही करने तथा किसी भी स्थिति में रोड साइड पर डिलिवरी नहीं करने के निर्देश दिए गए।


ऑनलाईन शॉपिंग संस्थानों में कार्यरत सभी डिलिवरी बॉय, कर्मचारियों एवं अन्य स्टाफ का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराने तथा नवीन रूप से नियुक्त कर्मचारियों का ज्वाईनिंग से पूर्व पुलिस सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।


बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा नोडल अधिकारियों से अन्य सुरक्षा एवं संचालन से संबंधित विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की गई तथा नोडल अधिकारियों द्वारा बताई गई समस्याओं एवं सुझावों पर समुचित कार्यवाही कर निराकरण करने का आश्वासन दिया गया।

You might also like!