RRT News- अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक पिकअप वाहन के क्लीनर की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम डांडगांव स्थित प्रिंस ढाबा के पास सुबह करीब पांच बजे घटित हुई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
बताया जा रहा है कि आम से लदी पिकअप वाहन रायपुर से अंबिकापुर की ओर आ रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन को बचाने के चक्कर में पिकअप अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़ी एक ट्राला से जोरदार तरीके से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और क्लीनर उसी में फंस गया।
हादसे के बाद पिकअप में फंसे क्लीनर के शव को निकालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। क्षतिग्रस्त वाहन के सामने के हिस्से को गैस कटर से काटकर शव को बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।








