Donald Trump news: व्हाइट हाउस के बाहर हुई गोलीबारी के आरोप में एक अफगान नागरिक की गिरफ्तारी के बाद, ट्रंप प्रशासन ने अफगान प्रवासियों के इमीग्रेशन पर रोक लगाने की घोषणा की है। ट्रंप टीम के इस फैसले का एक पूर्व अमेरिकी सैनिक, अहमद शाह मोहिबी, ने कड़ा विरोध किया है और अमेरिकी राष्ट्रपति को अफगानिस्तान मुद्दे पर आईना दिखाने की कोशिश की है।
'पूरे अफगान समुदाय को सजा देना गलत'
एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, मोहिबी ने ट्रंप प्रशासन द्वारा पूरे अफगान समुदाय को सामूहिक रूप से निशाना बनाने के फैसले की निंदा की। उन्होंने कहा, "मेरा कहना सिर्फ इतना है कि अगर उसने बंदूक उठाई तो इसका मतलब यह नहीं है कि पूरा अफगान समुदाय ही आतंकवादी है। उसने गुनाह किया है, उसे सजा मिलनी चाहिए, लेकिन पूरे अफगान समुदाय को निशाना बनाना सही नहीं है।"
लकनवाल किस वीजा पर आया?
मोहिबी ने स्पष्ट किया कि व्हाइट हाउस के बाहर गोलीबारी करने वाला शख्स, लकनवाल, स्पेशल इमीग्रेंट वीजा (SIV) के तहत अमेरिका नहीं आया था।
SIV सिस्टम: मोहिबी ने बताया कि SIV सिस्टम इराक और अफगानिस्तान युद्ध के दौरान शुरू किया गया था, मूल रूप से उन लोगों के लिए जो वर्षों से दुभाषिए या अनुवादक के रूप में अमेरिकी सैनिकों की मदद कर रहे थे।
लकनवाल का आगमन: लकनवाल उस समय अमेरिका आया था जब जो बाइडन ने सैनिकों को वहां से निकालने की शुरुआत की थी। उस समय सैनिकों की मदद करने वाले स्थानीय लोगों की जान को खतरा था, जिसके बाद अमेरिका ने उनके लिए ऑपरेशन अलाइज वेलकम शुरू किया था, जिसके तहत वह यहां आया।
ट्रंप प्रशासन की मंजूरी: मोहिबी ने यह भी खुलासा किया कि 2024 में लकनवाल ने शरणार्थी दर्जे के लिए आवेदन किया था, जिसे बाद में ट्रंप प्रशासन ने मंजूरी दी थी।
'एक नहीं, 10 ट्रंप भी नहीं सुलझा सकते ये समस्या'
पूर्व सैनिक मोहिबी ने अमेरिका की इमीग्रेशन सिस्टम की विफलता पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उनके अनुसार, 2021 में बाइडन प्रशासन के दौरान जिस तरीके से सैनिकों को वापस बुलाया गया और हजारों अफगान नागरिक भी अमेरिका आए, उसने एक दीर्घकालिक समस्या को जन्म दिया है।
मोहिबी ने ट्रंप प्रशासन की आलोचना करते हुए कहा,
"ट्रंप प्रशासन तो चाहे घर-घर जा सकता है। लेकिन यह समस्या इतनी बदतर हो गई है कि एक क्या 10 डोनाल्ड ट्रंप मिलकर भी इसे हल नहीं कर पाएंगे। क्योंकि यह खुले तौर पर इमिग्रेशन सिस्टम की विफलता है।"
उन्होंने बाइडन पर लगाए जा रहे आरोपों के जवाब में कहा कि इस समस्या के लिए दोनों पार्टियां (रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक) जिम्मेदार हैं। "उन्हें पता ही नहीं है कि करना क्या है। एक तरफ लॉटरी प्रोग्राम है, दूसरी तरफ ओपन बॉर्डर। इस देश में इमीग्रेशन रिपब्लिकन या डेमोक्रेटिक समस्या नहीं है, बल्कि दोनों की समस्या है। बुश से लेकर अब ट्रंप को पता ही नहीं है कि इसका करना क्या है।"








