CG News- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से भ्रष्टाचार का एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां एक पटवारी का किसान से खुलेआम घूस लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह पूरा मामला पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के पसान तहसील अंतर्गत पिपरिया हल्के का है। वायरल वीडियो में पटवारी विनोद अग्रवाल बड़ी बेखौफ तरीके से किसान से ली गई रिश्वत की रकम को हाथों से गिनते हुए साफ नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के सामने आते ही प्रशासनिक हल्के में हड़कंप मच गया और भ्रष्टाचार की इस खुली तस्वीर ने व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पीड़ित किसान से मिली जानकारी के अनुसार, पिपरिया और सिर्री हल्के के प्रभार में तैनात पटवारी विनोद अग्रवाल ने जमीन का वन पट्टा ऑनलाइन प्रविष्टि करने के एवज में ₹5,000 और जमीन के फौती नामांतरण जैसे जरूरी काम के लिए ₹10,000 की मोटी घूस मांगी थी। परेशान किसान ने किसी तरह इस पूरी घूसखोरी की घटना का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर सार्वजनिक कर दिया। वीडियो वायरल होते ही अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कड़ा एक्शन लिया और आरोपी पटवारी विनोद अग्रवाल को शासकीय नियमों के उल्लंघन के आरोप में निलंबित कर दिया है।
एक तरफ जहां भ्रष्टाचार का यह मामला गरमाया हुआ है, वहीं दूसरी तरफ छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज भी तेजी से बदला है। नौतपा की भीषण गर्मी के बीच प्रदेश के मौसम विभाग ने राजधानी रायपुर समेत 27 जिलों में तेज आंधी और झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस मौसमी बदलाव से जहां तपते छत्तीसगढ़ के लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं तेज हवाओं को लेकर प्रशासन ने नागरिकों को सतर्क रहने की हिदायत दी है।







