Breaking

PM JANMAN Jashpur Bridge Approval: पीएम जनमन योजना के तहत जशपुर को पांच बड़े पुलों की सौगात, 16.03 करोड़ रुपये की मिली प्रशासकीय स्वीकृति

Chhattisgarh 25 November 2026 (13)

post

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के दूरस्थ एवं जनजातीय बहुल क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और सड़क संपर्क व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के तहत जशपुर जिले को पांच वृहद पुलों के निर्माण की सौगात मिली है। राज्य शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा इन पुलों के निर्माण के लिए कुल 16 करोड़ 3 लाख 34 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

Advertisement

​भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा वर्ष 2026-27 के बैच-I के अंतर्गत 6 नवंबर 2026 को जारी पत्र के अनुसार छत्तीसगढ़ में कुल 167 पुलों के निर्माण की स्वीकृति दी गई है, जिनमें जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड के ये पांच वृहद पुल शामिल हैं।

​बगीचा विकासखंड में बनेंगे कुल 290 मीटर लंबाई के पांच पुल

​स्वीकृत कार्यों के अंतर्गत बगीचा विकासखंड के विभिन्न मार्गों पर कुल 290 मीटर लंबाई के पांच पुलों का निर्माण किया जाएगा:

  • ​डंगरी से दरावाकोना मार्ग: नाले पर 60 मीटर लंबे पुल के निर्माण के लिए 3 करोड़ 56 लाख 23 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है।
  • ​जबला से नवापारा मार्ग: नाले पर 30 मीटर लंबे पुल के लिए 1 करोड़ 83 लाख 21 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं।
  • ​कमरीमा मंझाटोली से खपरीडीह मार्ग: नाले पर 60 मीटर लंबे पुल के निर्माण हेतु 4 करोड़ 4 लाख 19 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति मिली है।
  • ​बगीचा-कांसाबेल मार्ग से जनकपुर पहुंच मार्ग: नाले पर 80 मीटर लंबे पुल के निर्माण के लिए 3 करोड़ 52 लाख 67 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
  • ​कुहापानी से बांसधार मार्ग: नाले पर 60 मीटर लंबे पुल के निर्माण हेतु 3 करोड़ 7 लाख 4 हजार रुपये की मंजूरी दी गई है।

​बारहमासी संपर्क से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी गति

​इन पुलों के निर्माण से विशेष रूप से वर्षा ऋतु के दौरान नालों में उफान आने के कारण बाधित होने वाले आवागमन से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी। दूरस्थ जनजातीय बसाहटों का मुख्य मार्गों से सीधा जुड़ाव होने से किसानों को अपनी कृषि उपज बाजार तक ले जाने, विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज पहुंचने तथा मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में सहूलियत होगी। तकनीकी स्वीकृति प्राप्त होने के पश्चात इन कार्यों को निर्धारित समय-सीमा और राशि के भीतर प्रारंभ किया जाएगा।

You might also like!