Breaking

Raipur Sahitya Utsav 2027: 8 से 10 जनवरी तक होगा रायपुर साहित्य उत्सव, सीएम साय ने किया प्रतीक चिह्न का अनावरण

Chhattisgarh 25 November 2026 (7)

post

रायपुर। छत्तीसगढ़ की समृद्ध साहित्यिक, सांस्कृतिक और वैचारिक परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में 8 से 10 जनवरी 2027 तक ‘रायपुर साहित्य उत्सव’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री निवास में प्रदेश के वरिष्ठ एवं प्रबुद्ध साहित्यकारों की उपस्थिति में उत्सव के प्रतीक चिह्न का अनावरण और पोस्टर का विमोचन कर आयोजन की औपचारिक घोषणा की। इस वर्ष महोत्सव की थीम ‘युवा भारत’ निर्धारित की गई है।

Advertisement

​मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर कहा कि छत्तीसगढ़ साहित्य, कला, संस्कृति और लोक परंपराओं की दृष्टि से अत्यंत समृद्ध राज्य है। यहां की भाषाओं, बोलियों, लोककथाओं, गीत-संगीत और साहित्य में जनजीवन, सामाजिक मूल्यों तथा सांस्कृतिक चेतना की गहरी अभिव्यक्ति झलकती है। उन्होंने बताया कि गत वर्ष राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में आयोजित साहित्य उत्सव को व्यापक सफलता मिली थी और अब इसे और अधिक भव्य एवं गरिमामय स्वरूप दिया जाएगा।

​जनजातीय भाषाओं और लोक साहित्य के संरक्षण पर जोर

​मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश की जनजातीय भाषाओं और लोक साहित्य के संरक्षण एवं संवर्धन पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि गोंडी, हल्बी, कुड़ुख और सादरी सहित विभिन्न बोलियों व भाषाओं में लोकज्ञान, परंपराओं और साहित्य की अमूल्य विरासत निहित है, जिनका दस्तावेजीकरण और संरक्षण आवश्यक है। उत्सव में जनजातीय साहित्य और पारंपरिक रचनात्मक अभिव्यक्तियों को प्रमुख स्थान मिलने से नई पीढ़ी अपनी जड़ों से जुड़ सकेगी।

​युवा रचनाकारों को मिलेगा नया मंच

​‘युवा भारत’ थीम को प्रासंगिक बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भारत की युवा शक्ति, भाषाई विविधता और विचारों की बहुलता को अभिव्यक्त करती है। ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने, विचार साझा करने और वरिष्ठ साहित्यकारों से सीखने का अवसर मिलता है। उन्होंने गत वर्ष आयोजित कवि सम्मेलन प्रतियोगिताओं की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, बस उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन की आवश्यकता है।

​साहित्यकारों ने साझा किए अनुभव और सुझाव

​कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ साहित्यकारों, कवियों और रचनाकारों ने गत वर्ष के अनुभव साझा करते हुए आयोजन को और प्रभावशाली बनाने के लिए सुझाव दिए। साहित्यकारों ने साहित्य व संस्कृति को शासन स्तर पर मिल रहे प्रोत्साहन की सराहना की और आगामी महोत्सव में सक्रिय भागीदारी का विश्वास दिलाया।

​इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, सलाहकार आर. कृष्णा दास, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, प्रेस अधिकारी आलोक सिंह, जनसंपर्क विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, विशेष सचिव रजत बंसल सहित प्रदेशभर से आए साहित्यकार, कवि, लेखक एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

You might also like!