RAIPUR CRIME : टेकारी/रायपुर। राजधानी से सटे ग्राम पंचायत टेकारी में बीते दिनों आयोजित मड़ई मेले का उल्लास उस वक्त चीख-पुकार में बदल गया, जब असामाजिक तत्वों ने भाजपा युवा मोर्चा के नेता और गांव के सरपंच चंद्रकांत वर्मा पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने न केवल अभद्र गालियां दीं, बल्कि सरपंच को बेदम होने तक पीटा। गंभीर रूप से घायल सरपंच फिलहाल उपचाराधीन हैं।
आरोपियों को 'कानूनी कवच' देने का आरोप
इस घटना ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि विधानसभा थाना पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के बजाय मामूली धाराओं में खानापूर्ति की है। इससे नाराज भाजपा धरसींवा विधानसभा के सैकड़ों कार्यकर्ता थाने पहुंचे और जमकर नारेबाजी की।
24 घंटे में न्याय या फिर 'रणक्षेत्र' बनेगा थाना
भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री अशोक सिन्हा और सरपंच संघ के जिलाध्यक्ष अरविंद ठाकुर ने दो टूक कहा है कि यदि 24 घंटे के भीतर आरोपियों पर संगीन धाराएं जोड़कर गिरफ्तारी नहीं हुई, तो पूरा क्षेत्र उग्र आंदोलन और थाना घेराव के लिए मजबूर होगा। इस दौरान नितिन अग्रवाल, दिनेश खुटे, सूरज टंडन समेत सैकड़ों ग्रामीण और पंच-सरपंच इंसाफ की मांग को लेकर डटे रहे।








