RAIPUR CRIME : रायपुर के छपौरा गांव में मिले अधजले शव के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि युवक की हत्या प्रेम प्रसंग के चलते की गई थी। पुलिस ने इस मामले में अर्जुन धुर्व और अजित उर्फ हरजित लहरे को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान ललित धीवर के रूप में हुई है। ललित का अर्जुन धुर्व की बहन से प्रेम संबंध था, जिससे आरोपी नाराज थे। इसी रंजिश में दोनों ने ललित को जयंती कार्यक्रम में बुलाने का बहाना बनाकर खेत में ले गए।
खेत में शराब पिलाने के बाद ललित की हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए शव को जलाने की कोशिश की और गांव के बाहर खेत में फेंक दिया।
बता दें कि 23 दिसंबर को खेत में अधजली लाश मिलने से इलाके में दहशत फैल गई थी। शव की हालत खराब होने के कारण पहचान नहीं हो पाई थी। अब पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।








