RRT News रायपुर: राजधानी रायपुर में बकाया राजस्व वसूली को लेकर नगर पालिक निगम ने अब सख्त रुख अपना लिया है। निगम आयुक्त श्री विश्वदीप के आदेशानुसार जोन क्रमांक 8 की कमिश्नर श्रीमती राजेश्वरी पटेल ने बड़े बकायेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी कड़ी में वीर सावरकर नगर वार्ड क्रमांक 1 के बड़े बकायेदारों के खिलाफ कुर्की वारंट और डिमांड नोटिस जारी किए गए हैं। निगम की इस कार्रवाई से टैक्स चोरी करने वाले और लंबे समय से राशि दबाए बैठे व्यवसायियों में हड़कंप मच गया है।
सबसे बड़ी कार्रवाई गोयल एनर्जी एंड स्टील प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ की गई है, जिनके संचालक दीपक अग्रवाल और रितेश अग्रवाल पर 18,28,599 रुपये का संपत्तिकर बकाया है। इन्हें निगम द्वारा डिमांड नोटिस जारी कर तत्काल राशि जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही, रिंग रोड नंबर 2 टाटीबंध चौक निवासी प्रीतम सिंह पर 5,29,434 रुपये का बकाया होने के कारण उन्हें नोटिस जारी किया गया है। राशि भुगतान न करने की स्थिति में प्रीतम सिंह के विरुद्ध सीलबंदी के बाद अब कुर्की वारंट जारी कर दिया गया है।
निगम की टीम ने वीर सावरकर नगर के अन्य बकायेदारों श्री हरवंश सिंह, सुरजीत कौर, रंजीत कौर और कृपाल सिंह पर भी शिकंजा कसा है। इन पर 4,52,317 रुपये का राजस्व बकाया है, जिसके लिए जोन कमिश्नर ने कुर्की वारंट जारी कर वसूली की प्रक्रिया शुरू कर दी है। निगम के राजस्व विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि बार-बार चेतावनी के बाद भी टैक्स जमा नहीं करने वालों की संपत्तियां कुर्क की जाएंगी। इसके लिए वार्डों में लगातार मुनादी कर लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है।
गौरतलब है कि राज्य शासन के निर्देशानुसार संपत्तिकर दाताओं को 30 अप्रैल तक बिना किसी अधिभार (सरचार्ज) के टैक्स भुगतान करने की विशेष छूट दी गई है। अपर आयुक्त श्रीमती कृष्णा खटीक ने अपील की है कि नागरिक इस छूट का लाभ उठाएं और कानूनी कार्रवाई से बचें। रायपुर नगर निगम के सभी 10 जोनों में यह वसूली अभियान अब और भी तेज कर दिया गया है, ताकि लंबित करोड़ों रुपये के राजस्व की प्राप्ति की जा सके।








