Breaking

Revenue Recovery - नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, बकाया टैक्स न चुकाने पर नया सबेरा स्कूल और तकनीकी विद्यापीठ सील

Chhattisgarh 11 April 2026 (42)

post

RRT News - रायपुर: रायपुर नगर निगम ने राजस्व वसूली को लेकर अपने तेवर सख्त कर लिए हैं। जोन 7 के राजस्व विभाग ने आज बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के दो बड़े बकायेदारों के परिसरों को सीलबंद कर दिया। आयुक्त विश्वदीप के आदेशानुसार चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य उन संस्थानों से बकाया टैक्स वसूलना है जो लंबे समय से नोटिस के बावजूद भुगतान नहीं कर रहे थे। इस कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम ने लाखों रुपये के बकाया राजस्व पर कड़ा एक्शन लिया।

Advertisement

कार्रवाई के पहले चरण में संत रामदास वार्ड क्रमांक 24 के बड़े बकायेदार 'नया सबेरा स्कूल' परिसर को निशाना बनाया गया। स्कूल पर वर्ष 2022-23 से 2,25,902 रुपये का टैक्स बकाया था। जैसे ही नगर निगम की टीम ने स्कूल परिसर को सीलबंद करने की प्रक्रिया शुरू की, संस्थान के प्रबंधन में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दबाव में आकर संबंधित बकायेदार ने मौके पर ही नगर निगम की टीम को चेक के माध्यम से पूरी बकाया राशि का भुगतान कर दिया, जिसके बाद परिसर को राहत दी गई।

वहीं, वार्ड क्रमांक 22 में स्थित छत्तीसगढ़ तकनीकी विद्यापीठ (प्रज्ञा निर्वाणी परिसर) पर निगम का बड़ा एक्शन हुआ। इस संस्थान पर वर्ष 2018-19 से 13,24,747 रुपये की भारी भरकम राशि बकाया थी। बार-बार चेतावनी के बाद भी भुगतान न मिलने पर निगम की टीम ने परिसर को तत्काल सीलबंद कर दिया। इसके अलावा तात्यापारा वार्ड में भी एक अन्य बकायेदार के परिसर पर ताला जड़ा गया। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि बड़े बकायेदारों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और टैक्स चोरी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

You might also like!