RRT News - रायपुर नगर पालिक निगम के जोन क्रमांक 7 अंतर्गत नगर निवेश विभाग ने आज जनहित में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। शहीद चूड़ामणि नायक वार्ड के समता कॉलोनी स्थित श्री श्याम खाटू मंदिर पहुंचमार्ग पर अवैध कब्जों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम आयुक्त श्री विश्वदीप के आदेश पर जोन कमिश्नर श्री अरुण ध्रुव के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुँचकर मार्ग को बाधा मुक्त कराया।
मंदिर मार्ग पर ठेलों और गुमटियों का था जमावड़ा
श्री श्याम खाटू मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है, लेकिन मंदिर तक जाने वाले मुख्य मार्ग के दोनों ओर दुकानदारों ने ठेलों और गुमटियों के जरिए सड़क पर कब्जा कर लिया था। इससे मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। नगर निवेश विभाग की उपअभियंता श्रीमती प्रेरणा अग्रवाल की मौजूदगी में निगम की टीम ने सड़क पर पसरे इन अवैध कब्जों को तत्काल प्रभाव से हटा दिया।
दुकानदारों को कड़ी हिदायत और समझाइश
कार्रवाई के दौरान निगम अमले ने सड़क किनारे व्यवसाय करने वाले दुकानदारों को स्पष्ट समझाइश और कड़ी चेतावनी दी। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सड़क सीमा के भीतर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मंदिर परिसर के बाहर कब्जा जमाए बैठे दुकानदारों को हिदायत दी गई कि वे भविष्य में सुगम आवागमन में बाधा न डालें। चेतावनी दी गई है कि यदि दोबारा सड़क पर कब्जा पाया गया, तो बिना नोटिस के जब्ती की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सुगम आवागमन के लिए जारी रहेगा अभियान
नगर निगम जोन 7 प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों की सुविधा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखना उनकी प्राथमिकता है। मंदिर मार्ग को क्लियर करने के बाद अब वहां यातायात सुगम हो गया है। निगम अधिकारियों के अनुसार, शहर के अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी इसी तरह का सर्चिंग अभियान निरंतर जारी रहेगा, ताकि सार्वजनिक सड़कों पर होने वाले अवैध कब्जों को रोका जा सके और शहर की व्यवस्था बनी रहे।







