Breaking

रायपुर निगम जोन-7 का बड़ा फैसला: हर शनिवार चलेगा विशेष सफाई अभियान, लापरवाह ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट

Chhattisgarh RRT News Desk 18 July 2026

post

रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर के जोन-7 कार्यालय में जोन कमिश्नर डॉ. तृप्ति पाणीग्रही की अध्यक्षता में जोन अध्यक्ष, एमआईसी सदस्यों, पार्षदों और अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सफाई व्यवस्था, मौसमी बीमारियों की रोकथाम, विकास कार्यों में तेजी और राजस्व बढ़ाने सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। सभी पार्षदों की सहमति से प्रत्येक शनिवार को एक वार्ड में 35 सफाई कर्मियों की विशेष टीम द्वारा व्यापक सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।

Advertisement

बैठक में मानसून के दौरान मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए वार्डवासियों को जागरूक करने, मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू) के माध्यम से स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने तथा जलभराव की समस्या दूर करने के लिए लगातार सफाई कराने पर सहमति बनी। इसके साथ ही कार्यादेश मिलने के बावजूद विकास कार्य समय पर पूरा नहीं करने वाले ठेकेदारों को नगर निगम की काली सूची (ब्लैकलिस्ट) में शामिल करने का भी निर्णय लिया गया। सभी वार्डों में सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्ती से प्रतिबंध लागू कराने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में नगर निगम की राजस्व आय बढ़ाने के लिए विज्ञापन बोर्ड लगाने, आमानाका वेंडिंग जोन के विकास, सीएसआर मद से एक वेंडिंग जोन विकसित करने, स्ट्रीट वेंडर्स का सर्वे कराने तथा सीएंडडी वेस्ट, ग्रीन नेट, सड़क अवरोध और गंदगी फैलाने वालों पर नियमानुसार जुर्माना लगाने जैसे प्रस्तावों पर भी सहमति बनी। अधिकारियों ने इन निर्णयों को जल्द अमल में लाने की बात कही।

You might also like!