RRT News- रायपुर पश्चिम के विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत और नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने जोन 1 के अंतर्गत आने वाले वीर शिवाजी वार्ड क्रमांक 16 में विकास कार्यों की झड़ी लगा दी है। दोनों जनप्रतिनिधियों ने वार्ड के चार अलग-अलग स्थानों पर सीसी रोड, नाली और पुलिया निर्माण के लिए कुल 34 लाख 4 हजार रुपये की लागत से होने वाले नए विकास कार्यों का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रीफल फोड़कर और कुदाल चलाकर भव्य भूमिपूजन किया। इस दौरान वार्ड के नागरिकों में भारी उत्साह देखा गया और उन्होंने इस सौगात के लिए आभार व्यक्त किया।
इन इलाकों में तेजी से बदलेगी बुनियादी सूरत
स्वीकृत कार्यों के तहत संतोषी नगर के पास सांई विहार कॉलोनी में नाली व पुलिया निर्माण के लिए 9.90 लाख रुपये, जलाराम मंदिर के पास रोड, नाली व पुलिया के लिए 6.40 लाख रुपये, तारेश्वर राव के घर के पास रोड व नाली निर्माण हेतु 9.80 लाख रुपये तथा सावित्री साहू गली उड़िया बस्ती में नाली व पुलिया निर्माण के लिए 8.30 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। खमतराई पानी टंकी कार्यालय के सामने आयोजित इस भूमिपूजन कार्यक्रम में जोन अध्यक्ष व वार्ड पार्षद गज्जू साहू, एमआईसी सदस्य नंदकिशोर साहू, पार्षद अंबिका साहू, सोहन साहू, राजेश कुमार देवांगन समेत निगम के आला अधिकारी और भारी संख्या में स्थानीय माताएं-बहनें व युवा मौजूद रहे।
समय सीमा और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश
भूमिपूजन के तत्काल बाद विधायक राजेश मूणत और महापौर मीनल चौबे ने जोन 1 के कमिश्नर अंशुल शर्मा और कार्यपालन अभियंता द्रोणी कुमार पैकरा को कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि सभी स्वीकृत निर्माण कार्यों को बिना किसी देरी के तुरंत शुरू कराया जाए और तय समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि स्थानीय जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके। कार्यक्रम के अंत में जोन अध्यक्ष गज्जू साहू ने समस्त वार्डवासियों की ओर से अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।







