Breaking

जमीन विवाद में वृद्ध ने खाया जहर, शव सड़क पर रखकर ग्रामीणों का चक्काजाम; आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े

Chhattisgarh RRT News Desk 31 May 2026

post

CG News- छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के सीपत क्षेत्र से एक बेहद दुखद और तनावपूर्ण घटना सामने आई है। क्षेत्र के ग्राम फरहदा में लंबे समय से चल रहे एक जमीन विवाद से उपजे मानसिक तनाव के कारण एक बुजुर्ग व्यक्ति ने जहर खाकर खुदकुशी कर ली। अस्पताल में उपचार के दौरान वृद्ध की मौत हो जाने के बाद शनिवार को पूरे इलाके में स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई। घटना से आक्रोशित मृतक के परिजनों और सैकड़ों ग्रामीणों ने फरहदा चौक पर शव को बीच सड़क पर रखकर सीपत-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।

Advertisement

प्रदर्शनकारी ग्रामीण और पीड़ित परिवार के लोग आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े रहे। चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। करीब दो घंटे तक चले उग्र प्रदर्शन और नारेबाजी के बाद, अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई के ठोस आश्वासन और समझाइश के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त किया और शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने दिया।

जमीन विवाद की पृष्ठभूमि को लेकर मृतक के परिवार की परमेश्वरी पटेल ने बताया कि उनका परिवार पिछले कई वर्षों से गांव के बजरंग चौक स्थित सरकारी जमीन पर मकान बनाकर रह रहा है। आरोप है कि गांव का ही रहने वाला बलराम यादव नामक व्यक्ति बीते 23 और 24 मई को एक बुजुर्ग महिला को अपने साथ लेकर उनके घर धमकाने पहुंचा था। आरोपी ने उस जमीन को महिला की बताते हुए परिवार पर मकान खाली करने का भारी दबाव बनाया। जब पीड़ित परिवार ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए डंडे से घर में घुसकर मारपीट की। इस प्रताड़ना और विवाद से आहत होकर ही वृद्ध ने आत्मघाती कदम उठा लिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मुख्य आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।

You might also like!