RRT News - गरियाबंद: उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व में अवैध घुसपैठ और वन्यजीवों के शिकार की साजिश रचने वाले दो अंतर्राज्यीय शिकारियों को वन विभाग की एंटी-पोचिंग टीम ने दबोच लिया है। पकड़े गए दोनों आरोपी पड़ोसी राज्य ओडिशा के रहने वाले हैं, जो रात के अंधेरे में प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश कर शिकार की फिराक में थे। विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से वन्यजीव तस्करों और शिकारियों के बीच हड़कंप मच गया है।
मुख्य वन संरक्षक और उप संचालक के मार्गदर्शन में टीम ने गोपनीय सूचना के आधार पर ओडिशा के सीमावर्ती ग्राम गंटियापाड़ा में दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 2 धनुष, 5 तीर और अन्य घातक शिकार उपकरण बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी जयराम पाहारिया और बरनसिंग पाहारिया ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि वे टाइगर रिजर्व के भीतर अवैध रूप से प्रवेश कर वन्यजीवों का शिकार करने की योजना बना रहे थे।
वन विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। जांच के दौरान आरोपियों ने पूर्व में हुई शिकार की घटनाओं में शामिल अन्य साथियों के नाम भी उगले हैं, जिनकी तलाश में टीम लगातार छापेमारी कर रही है। अब सीमावर्ती इलाकों और ओडिशा के अंदरूनी क्षेत्रों तक गश्त बढ़ा दी गई है ताकि बेजुबान जानवरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।








