Breaking

आरटीई अंतर्गत वर्ष 2026-27 के लिए ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया की समय-सारिणी जारी

Chhattisgarh 18 February 2026

post


Advertisement


कवर्धा, 18 फरवरी 2026। लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा निःशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए वर्ष 2026-27 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आरटीई पोर्टल के माध्यम से प्रवेश प्रक्रिया की समय-सारिणी जारी कर दी गई है। निर्देशानुसार संचालित निजी विद्यालयों में आरटीई अंतर्गत प्रवेश की समस्त कार्यवाही ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। प्रथम चरण में 01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक निजी विद्यालयों द्वारा आरटीई अंतर्गत स्कूल प्रोफाइल अपडेट किया गया। इसके पश्चात 01 जनवरी 2026 से 07 फरवरी 2026 तक नोडल प्राचार्य (आरटीई) एवं जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा सत्यापन कर सीट प्रकटीकरण की कार्यवाही पूर्ण की गई।

छात्रों के ऑनलाइन आवेदन एवं पंजीयन की प्रक्रिया 16 फरवरी 2026 से 31 मार्च 2026 तक आरटीई पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। इसी अवधि में नोडल स्तर पर सत्यापन कार्य भी संपन्न किया जाएगा। राज्य स्तर पर लॉटरी एवं सीट आबंटन की प्रक्रिया 13 अप्रैल 2026 से 17 अप्रैल 2026 तक आयोजित की जाएगी। प्रथम चरण में लॉटरी एवं आबंटन के पश्चात 01 मई 2026 से 30 मई 2026 तक संबंधित विद्यालयों में प्रवेश की कार्यवाही पूर्ण की जाएगी। द्वितीय चरण की विस्तृत समय-सारिणी पृथक से जारी की जाएगी। अभिभावकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथियों के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर प्रक्रिया का लाभ उठाएं।

You might also like!