परिक्षेत्र साहू समाज अभनपुर के सामाजिक संगठन को नई दिशा और मजबूती देने के उद्देश्य से युवा प्रकोष्ठ का विस्तार किया गया है। युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष गुलशन साहू ने संगठन की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए नई कार्यकारिणी की घोषणा की। इस विस्तार के दौरान समाज के ऊर्जावान युवाओं को महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त किया गया है। कार्यक्रम के अंत में सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का तिलक लगाकर अभिनंदन किया गया और उन्हें औपचारिक नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
संगठन विस्तार के तहत सागर साहू को संरक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं छत्रपाल, उत्तम, धर्मेंद्र और ईश्वर साहू को उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। रामाधार और मृत्युंजय साहू को महामंत्री, जबकि पंकज साहू को सचिव बनाया गया है। कोषाध्यक्ष के रूप में खिलावन साहू और मीडिया प्रभारी की कमान सचिन, सूरज और चुम्मन साहू को सौंपी गई है। इसके अलावा संगठन मंत्री, प्रचार मंत्री और कार्यकारिणी सदस्यों की भी घोषणा की गई, ताकि समाज के हर कार्य को सुचारू रूप से संचालित किया जा सके।
इस अवसर पर मुख्य रूप से उपस्थित परिक्षेत्र साहू समाज के अध्यक्ष पवन गुरुपंच ने युवा टीम को बधाई देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि युवा समाज की रीढ़ होते हैं और उनकी नई सोच संगठन को आधुनिक व प्रगतिशील बनाती है। उन्होंने आह्वान किया कि सभी युवा मिलकर सामाजिक कुरीतियों को दूर करने और समाज के अंतिम व्यक्ति की मदद के लिए एकजुट होकर कार्य करें।
कार्यक्रम में तहसील साहू समाज के युवा अध्यक्ष वेद राम साहू, परिक्षेत्र सचिव टेकचंद साहू और कोषाध्यक्ष तुलसी राम साहू का भी विशेष स्वागत किया गया। अध्यक्ष गुलशन साहू ने विश्वास जताया कि यह नई टीम न केवल सामाजिक एकता को मजबूत करेगी, बल्कि युवाओं को रचनात्मक कार्यों से जोड़ने का सेतु भी बनेगी। इस विस्तार के बाद पूरे अभनपुर परिक्षेत्र के साहू समाज में हर्ष का माहौल है।








