Breaking

Surguja News: बाबा कार्तिक उरांव की जन्मशताब्दी पर अंबिकापुर इंजीनियरिंग कॉलेज का नाम उनके नाम पर करने की घोषणा, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी 28 करोड़ की सौगात

Chhattisgarh 29 October 2026 (7)

post

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास से वर्चुअल माध्यम से सरगुजा अंचल में आयोजित जनजातीय समाज के महान जननायक, प्रख्यात अभियंता एवं पूर्व सांसद बाबा कार्तिक उरांव के जन्मशताब्दी समारोह में शामिल होकर उनकी भव्य आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनजातीय समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय, डिगमा (अंबिकापुर) का नाम बदलकर ‘अभियंता बाबा कार्तिक उरांव छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, अंबिकापुर’ करने की बड़ी घोषणा की।

Advertisement

सीतापुर को मिली 28 करोड़ से अधिक की फोरलेन सड़क की सौगात

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने सीतापुर क्षेत्र के विकास को गति देते हुए सोनतराई से सूर तक लगभग 3.82 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस परियोजना पर 28 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की जाएगी, जिससे सीतापुर नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने के साथ व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

इसके साथ ही, छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन द्वारा नवनिर्मित महिला एनजीओ मेस भवन, उदयपुर में 12 अराजपत्रित अधिकारी और 12 प्रधान आरक्षक-आरक्षक आवास तथा थाना सीतापुर में बने पुलिस आवासीय भवनों का भी लोकार्पण किया गया।

शिक्षा, संगठन और सामाजिक चेतना के प्रतीक थे बाबा कार्तिक उरांव

मुख्यमंत्री ने बाबा कार्तिक उरांव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका जीवन शिक्षा, संघर्ष और जनजातीय समाज के स्वाभिमान की प्रेरक गाथा है। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में उच्च शिक्षा हासिल कर विदेशों में अपनी पहचान बनाई और शिक्षा को समाज में परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम माना। संसद में भी उन्होंने जनजातीय समाज के संवैधानिक अधिकारों, संस्कृति और आरक्षण के मुद्दों को मुखरता से उठाया।

कार्यक्रम में जनजातीय विकास मंत्री रामविचार नेताम, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक उद्धेश्वरी पैकरा, विधायक रामकुमार टोप्पो और अंबिकापुर की महापौर मंजूषा भगत सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

You might also like!