बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में गुरुवार सुबह आयकर विभाग (Income Tax) की एक बड़ी कार्रवाई से हड़कंप मच गया। शहर के दिग्गज कोयला कारोबारी और फील ग्रुप (Phil Group) के मालिक प्रवीण झा के आधा दर्जन से अधिक ठिकानों पर आयकर विभाग की टीमों ने एक साथ छापा मारा है। विभाग की यह कार्रवाई टैक्स चोरी और आय से अधिक संपत्ति की आशंका के चलते की जा रही है।
रणनीति के तहत दी गई दबिश
जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग के अधिकारी सुबह-सुबह गोपनीय तरीके से 'SIR सर्वे टीम' (Survey Inspection Report) के स्टिकर लगी गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे। टीम ने व्यापार विहार स्थित कॉरपोरेट ऑफिस, घुटकू स्थित प्लांट और रामा वर्ल्ड स्थित कारोबारी के निजी आवास पर एक साथ दस्तक दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से कर्मचारियों और प्रबंधन को संभलने का मौका भी नहीं मिला।
दस्तावेजों और हार्ड डिस्क की जांच
सूत्रों के मुताबिक, जांच टीम ने ऑफिस और घर को अपनी सुरक्षा घेरे में ले लिया है। अंदर मौजूद किसी भी व्यक्ति को बाहर जाने या बाहरी व्यक्ति को अंदर आने की अनुमति नहीं है। अधिकारी वित्तीय लेन-देन, बैंक खातों, कोल वाशरी में कोल मिक्सिंग से जुड़ी जानकारी और स्टॉक रजिस्टर की बारीकी से जांच कर रहे हैं। साथ ही, कंप्यूटर हार्ड डिस्क, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक दस्तावेजों को भी खंगाला जा रहा है।
करोड़ों की टैक्स चोरी का अंदेशा
बताया जा रहा है कि विभाग को लंबे समय से फील ग्रुप द्वारा वास्तविक आय छिपाने और कम टैक्स भुगतान करने की शिकायतें मिल रही थीं। इससे पहले भी दिसंबर 2025 में जीएसटी की टीम ने इसी ग्रुप पर कार्रवाई की थी, जिसमें करोड़ों रुपये सरेंडर किए गए थे। अब आयकर विभाग की इस बड़ी रेड से कारोबारी जगत में खलबली मची हुई है। हालांकि, विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।








