BREAKING : अमृतसर। सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के मास्टरमाइंड गोल्डी बराड़ के माता-पिता शमशेर सिंह और प्रीतपाल कौर को पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी 2024 में दर्ज जबरन वसूली और जान से मारने की धमकी के पुराने मामले में की गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी माता-पिता को स्वर्ण मंदिर के पास एक होटल से पकड़ा गया। जांच में पता चला कि उनके पास कोई स्थायी आय का जरिया नहीं था और वे रंगदारी से ही गुजारा कर रहे थे।
मामले में पीड़ित सतनाम सिंह ने बताया कि उन्हें एक विदेशी व्हाट्सऐप नंबर से कॉल आई और 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। धमकी दी गई कि पैसे नहीं देने पर उनकी जान को खतरा होगा।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 308(4), 351(1) और 351(3) के तहत केस दर्ज किया है। माता-पिता को मुक्तसर कोर्ट में पेश किया जाएगा।








