BREAKING : मिडिल ईस्ट में गहराते भू-राजनीतिक तनाव और ईरान के साथ युद्ध जैसे हालातों के बीच भारतीय तेल कंपनियों ने उपभोक्ताओं को महंगाई का बड़ा झटका दिया है। पेट्रोलियम कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में प्रति लीटर 2.09 रुपये की बढ़ोतरी का फैसला किया है, जो 20 मार्च की रात से प्रभावी हो गई हैं। इस बदलाव के तहत BPCL के ‘स्पीड’, HPCL के ‘पावर’ और IOCL के ‘एक्सपी95’ जैसे प्रीमियम ब्रांड्स अब महंगे दामों पर बिकेंगे। इसके साथ ही, औद्योगिक क्षेत्र को बड़ा झटका देते हुए इंडस्ट्रियल डीजल की कीमतों में भी 22 रुपये प्रति लीटर का भारी इजाफा किया गया है। हालांकि, राहत की बात यह है कि आम जनता द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले सामान्य पेट्रोल और डीजल की दरों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।
इस मूल्य वृद्धि के बाद देश के विभिन्न हिस्सों में ईंधन की कीमतें आसमान छूने लगी हैं। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रीमियम पेट्रोल की कीमत अब 103.92 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है, जबकि पुणे में यह 113.17 रुपये के स्तर पर है। आईओसीएल के कुछ केंद्रों पर XP95 पेट्रोल की दरें बढ़कर 113.77 रुपये प्रति लीटर तक दर्ज की गई हैं। यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है जब देश पहले से ही एलपीजी संकट का सामना कर रहा है। जानकारों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की अस्थिरता और आपूर्ति बाधित होने की आशंका के कारण तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ा है, जिसका सीधा असर अब प्रीमियम ईंधन और औद्योगिक लागत पर पड़ता दिखाई दे रहा है।








