CG ACCIDENT : बिलासपुर। राजधानी से सटे बिलासपुर जिले के नूतन चौक पर गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार और हाइवा की आमने-सामने भिड़ंत में युवती सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
हादसे का मंजर डरावना
घटना रात करीब साढ़े 11 बजे हुई। अरपा पार नूतन चौक स्थित सेंट्रल लाइब्रेरी के सामने, सीपत चौक से राजकिशोर नगर की ओर जा रही टाटा नेक्सन कार यूटर्न ले रही थी। इसी समय राजकिशोर नगर की ओर तेज रफ्तार में आ रही हाइवा से कार टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार परखच्चे उड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार में युवती बैठी थी, जिसे सिर में गंभीर चोट लगी और गेट में फंसने के कारण बाहर निकालने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
मौके पर अंशु चंद्रा, उम्र 24 वर्ष, निवासी जांजगीर-चांपा की मौत हो गई। हिमांशु राठौर, उम्र 26 वर्ष, अटल यूनिवर्सिटी के कंप्यूटर साइंस छात्र, इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। आनंद चंद्रा और नीरज द्विवेदी, दोनों का इलाज जारी है।
शराब और सिगरेट की मिली बोतलें
हादसे के मौके पर कार से शराब और सिगरेट की बोतलें भी बरामद हुई हैं, जिससे हादसे के समय नशे की संभावना जताई जा रही है।
सरकंडा पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा कि हादसे में शामिल वाहनों की रफ्तार, ड्राइवर की लापरवाही और नशे की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।








