CG ACCIDENT : सक्ती: जिले के डभरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक भीषण सड़क हादसे में एक शिक्षक की दर्दनाक मौत हो गई है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है। हादसे के बाद भड़के परिजनों और ग्रामीणों ने शव के साथ डभरा थाना चौक पर चक्काजाम कर दिया है, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सुखदा निवासी रघुनंदन चंद्रा, जो पेशे से शिक्षक थे, आज एक तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शिक्षक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और मृतक के परिजन घटनास्थल पर जमा हो गए।
नौकरी और मुआवजा मिले
हादसे से आक्रोशित मृतक की पत्नी, मां और अन्य परिजन डभरा थाना चौक पर धरने पर बैठ गए हैं। उनकी स्पष्ट मांग है कि पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा दिया जाए। परिवार के एक सदस्य को योग्यता के अनुसार शासकीय नौकरी प्रदान की जाए।
पुलिस बल तैनात
चक्काजाम के कारण डभरा क्षेत्र के मुख्य मार्गों पर वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतार लग गई है। बसें, ट्रक और अन्य निजी वाहन फंसे हुए हैं। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए डभरा पुलिस के साथ-साथ आसपास के थानों की पुलिस टीम को भी मौके पर तैनात किया गया है।
प्रशासनिक पहल
जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और परिजनों से लगातार बातचीत कर रहे हैं। अधिकारियों द्वारा समझाइश दी जा रही है कि नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी, हालांकि समाचार लिखे जाने तक चक्काजाम जारी है।








